अब स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती
फिजिशियन डॉ. किरण रावत ने संभाला कार्यभार
संघर्ष समिति ने इसे क्षेत्रीय जनता के संघर्ष की जीत बताया
रुद्रप्रयाग। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में फिजिशियन डॉ. किरण रावत ने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया है। फिजिशियन की तैनाती होने पर संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर उनका गुलदस्ता भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। लंबे समय से चिकित्सक की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों को अब स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिलने की उम्मीद जगी है। संघर्ष समिति ने इसे 28 दिनों तक चले जनआंदोलन की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल और राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट का आभार जताया।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा दिलाने और फिजिशियन की तैनाती की मांग को लेकर क्षेत्रीय जनता ने लगातार 28 दिनों तक आंदोलन किया। जनता की एकजुटता, सामूहिक संघर्ष और दृढ़ संकल्प के परिणामस्वरूप अस्पताल को सीएचसी का दर्जा मिलने के साथ ही फिजिशियन की तैनाती भी संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि समूचे क्षेत्र की जनता के संघर्ष और एकजुटता की जीत है।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों के चलते क्षेत्र के ग्रामीणों को सामान्य से लेकर गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए श्रीनगर, रुद्रप्रयाग और देहरादून जाना पड़ता था। इससे विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और दूरस्थ गांवों के मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब फिजिशियन की तैनाती से मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा मिलने के साथ ही काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल को सीएचसी का दर्जा मिलना और फिजिशियन की तैनाती होना स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ करने के लिए अभी कई प्रयास किए जाने जरूरी हैं। संघर्ष समिति ने शासन-प्रशासन से अस्पताल में अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की शीघ्र तैनाती करने के साथ ही आधुनिक चिकित्सा उपकरण, जांच सुविधाएं और पर्याप्त चिकित्सा संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की।
समिति ने स्पष्ट किया कि केवल अस्पताल का दर्जा बढ़ाने और एक विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती से क्षेत्र की समस्त स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। इसके लिए पर्याप्त चिकित्सकीय स्टाफ, विशेषज्ञ डॉक्टरों और आधुनिक जांच सुविधाओं की उपलब्धता जरूरी है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे शहरों की दौड़ न लगानी पड़े।
संघर्ष समिति ने कहा कि अस्पताल में सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती होने तक उनका प्रयास जारी रहेगा। साथ ही उम्मीद जताई कि सरकार क्षेत्र की स्वास्थ्य जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए अस्पताल को आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित करेगी।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण, संघर्ष समिति एवं व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट, सभासद प्रदीप धर्म्वाण, पूर्व सभासद बलवंत रावत, कांग्रेस सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष कर्मवीर कुंवर, राजेंद्र धर्म्वाण और महेंद्र रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
