दिल्ली एअरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा हुआ है। एअरपोर्ट के टर्मिनल – 1 की छत गिर गई है। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। घटना की वजह भारी बारिश बताई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल 1 के पुराने प्रस्थान प्रांगण में छत का एक हिस्सा सुबह 5 बजे के आसपास गिर गया। इस हादसे में अभी तक एक व्यक्ति की मौत की खबर है। वहीं छह लोग घायल बताए जा रहें हैं। हादसे की चपेट में कई गाड़ियां भी आ गईं। घटना की जानकारी मिलने के बाद चार फायर टेंडर को मौके पर भेजा गया।
वहीं इस हादसे के बाद नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू टर्मिनल एक पहुंचे। राम मोहन नायडू ने घटनास्थल का जायजा लिया है। केंद्रीय मंत्री ने हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले को 20 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा। इसके साथ ही घायलों को 3-3 लाख रुपये मुआवजा मिलेगा।