पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ से एक दुखःद खबर सामने आ रही है, पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय के चमाली रोड में सोमवार तड़के एक जीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई है जबकि चार लोग घायल हुए हैं।
सुबह करीब साढ़े पांच बजे दुर्घटना की सूचना जिला मुख्यालय को मिली। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही जिला मुख्यालय से पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। घटना के वक्त वे एक शादी से लौट रहे थे। शवों को एसडीआरएफ कर्मियों ने निकाला है। बताया जा रहा है कि वाहन 200 मीटर गहरी खाई में गिरा।
जानकारी के मुताबिक छोलिया नर्तकों का एक दल बारात में शामिल होने के बाद रविवार देर रात्रि अपने गांव को लौट रहा था। चमाली के निकट अंडारी में चालक के नियंत्रण खोने से वाहन गहरी खाई में गिर गया। सोमवार तड़के करीब तीन बजे छोलिया नृत्य कलाकारों को ले जा रहा वाहन खाई में गिर गया। इसमे दो सगे भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई और चार गंभीर घायल हो गए। सभी डुंगरीरावल गांव के हैं।
मृतकों के नाम
पवन कुमार 37 वर्ष पुत्र जगत राम
अंगद कुमार 30 वर्ष पुत्र जगत राम
कैलाश राम 42 वर्ष पुत्र शोबन राम
अजय कुमार 31 वर्ष पुत्र होशियार राम
घायलों के नाम
जगदीश प्रसाद 40 वर्ष पुत्र दीवानी राम
प्रियांशु 18 वर्ष पुत्र सुरेंद्र लाल
राजेंद्र राम 36 वर्ष पुत्र नारायण
हिमांशु 19 वर्ष पुत्र सुरेंद्र लाल