उत्तरकाशी: उत्तरकाशी से बड़े हादसे की खबर सामने आ रही है। मोरी विकासखंड के नैटवाड़ कस्बे में एक घर में रसोई गैस सिलिंडर में आग लगने के कारण पूरे घर में भीषण आग फैल गई। हादसे में चार घरों में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार लकड़ी का मकान होने के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आसपास के आठ लकड़ी के मकान उसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर मोरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक चार घरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया था। जबकि आठ घरों में नुकसान हुआ है।